कमल जोशी
उत्तराखण्ड और देश में महिलायें कितनी सुरक्षित हैं? कल, 15 अक्टूबर 2026 को, उत्तराखण्ड की केबीनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के विरुद्ध मारपीट, उत्पीड़़न जान से मारने की धमकी और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए देहरादून के एक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज़ करायी है। श्रीमती रेखा आर्या सरकार में महिला और बाल विकास विभाग की मंत्री हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गये वीडियो में वह अत्यन्त भावुक और तनावग्रस्त दिख रही हैं। रोते हुए कह रही हैं, ’’मुझे झकझोर दिया है, मेरे रिश्ते और वैवाहिक जीवन के समर्पण पर प्रश्न लगा दिया है।’’
यह अच्छी बात है कि मंत्री महोदया ने चुप्पी तोड़़ी और पुलिस में शिकायत करने की हिम्मत दिखाई। वह वीडियो में महिलाओं से ठीक ही कह रही हैं कि महिला आम हो या ख़ास, घरेलू अत्याचार या मानसिक अत्याचार नहीं सहना है, बल्कि उसे कहना है। परन्तु महिला विकास की मंत्री का शारीरिक और मानसिक तौर पर इतना टूट जाना और नाज़ुक हालत में अस्पताल में भर्ती होने की नौबत आना हमारे समाज में महिलाओं की चिंताजनक दशा को तो प्रकट करता ही है लेकिन इससे ज्यादा प्रदेश और केन्द्र सरकार के महिला सुरक्षा के तमाम दावों की पोल खोलता है जो समय-समय पर सरकार द्वारा प्रचारित-प्रसारित किये जाते हैं। जब एक आम महिला इस वीडियो को देख रही होगी तब उस पर क्या प्रभाव पड़ेगा? क्या वह यह देख कर भयभीत और असहाय अनुभव नहीं करेगी? जब सरकार की कैबीनेट मंत्री और उनके बच्चों की जिंदगी ही सुरक्षित नहीं है तब निम्न सा मध्यम वर्ग की आम महिला कैसे स्वयं को सुरक्षिरत महसूस कर सकती है? जिसके भरोसे वह सुरक्षित महसूस कर सकती थी वही घरेलू हिंसा व अत्याचार की शिकार है तथा उसके जीवन को ही गंभीर खतरा है। महिला और बाल विकास विभाग की मंत्री की जिम्मेदारी पूरे प्रदेश में महिलाओं और बच्चों का विकास और सशक्तीकरण करने की हैI लेकिन उनकी खुद की दशा दयनीय लग रही हैI
यह संयोग ही है कि परसों, 14 अक्टूबर को उत्तराखण्ड के बहुत चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में पीड़िता के माता-पिता को दिल्ली में हिरासत में लेने की घटना हुई थी। वे अपनी दुष्यन्त कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के पद पर नियुक्ति को मामले की सीबीआई जांच पूरी होने तक टालने के लिये प्रदर्शन कर रहे थे। वह मामले में आधिकारिक तौर पर अरोपी नहीं हैं किन्तु उनका नाम इस हत्याकांड में कथित वीआईपी के तौर पर जुड़ा है। राज्यपाल पद पर गौतम की नियुक्ति का उत्तराखण्ड और देश में अनेक लोग तथा संगठन विरोध कर रहे हैं।
अंकिता भंडारी उत्तराखण्ड के ग्रामीण परिवेश की आर्थिक दृष्टि से निम्नवर्गीय परिवार की थी जिसने रोजगार के लिए घर- गाँव से बाहर निकलने का निर्णय लिया ताकि स्वयं और परिवार की सहायता हो सकेI लेकिन उसके साथ जो हुआ उससे उसकी जैसी अन्य लड़कियों और उनके अभिभावकों को यही सन्देश जाता है कि लड़कियों का घर से बाहर जाना असुरक्षित और जानलेवा होसकता हैI हिंसा की शिकार मंत्री उत्तराखण्ड की राजधानी में रहती हैं और पति, जिसके ऊपर गंभीर आरोप लगाये गये हैं उत्तर प्रदेश के शहर मेंI उनके पति का गिरधारी लाल साहू का पूर्व से अपराधिक और विवादित रिकॉर्ड रहा हैI एक ताज़ा वीडियो में वह कह रहे हैं कि उन्होंने अपनी पत्नी को सड़क से उठा कर मंत्री पद तक पहुँचायाI यह हमारे लोकतंत्र और राजनीति पर सवाल है कि जनता के सहयोग से नहीं किसी ताकतवर व्यक्ति की कृपा से कोई विधायक और मंत्री बनता हैI
दोनों प्रदेशों, उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है और दोनों मुख्यमंत्री महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को बार-बार अपनी सरकार की मुख्य प्राथमिकता बताते रहे हैं। केन्द्र में भी भाजपा की सरकार है और प्रधानमंत्री मोदी 2014 से ही महिलाओं की सुरक्षा के बारे में न जाने कितने नारे और भाषण लगा चुके हैं। यह घटना दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों- धामी और योगी तथा प्रधानमंत्री मोदी को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के दावों, नीतियों और कार्यक्रमों पर आत्मचिंतन व आत्ममंथन का अवसर प्रदान करती है।































