कमल जोशी
उत्तराखण्ड सेवा निधि पर्यावरण शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष व निदेशक, पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित डा. ललित पाण्डे का पार्थिव शरीर आज, 15 नवंबर को पंचतत्वों में विलीन हो गया हैं। उनका आज, 15 नवंबर की सुबह बेस अस्पताल अल्मोड़ा में 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। संयोग से आज उनका जन्मदिन भी है।
दोपहर बाद अल्मोड़ा के विश्वनाथ घाट स्थित श्मशान घाट पर उनके पुत्रों अभिषेक और आशीष ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले पुलिस गार्ड्स द्वारा उन्हें सशस्त्र सलामी दी गयी। इस अवसर पर उनके परिजनों, निकट सम्बन्धियों, नगर के गणमान्य व्यक्ति, जन प्रतिनिधि, प्रशासन व पुलिस अधिकारी, सामाजिक और शैक्षिक सरोकारों से जुड़े लोगों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इससे पहले उनके आवास मनोरथ सदन, चम्पानौला, अल्मोड़ा में भी अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उनकी पार्थिव देीह को श्रृ़द्धांजलि अर्पित की।
डा. ललित पाण्डे का जन्म 15 नवंबर 1948 को पटना बिहार में हुआ था। उनके पिता बी. डी. पाण्डे (पद्म विभूषण) उन दिनों इंडियन सिविल सर्विस के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में बिहार में सेवारत थे। उनकी शिक्षा दून स्कूल में हुई। उन्होंने आई.आई टी. दिल्ली से मैकेनिकल इंजीकिनयरिंग में बी. टेक, एम.आई.टी. अमेरिका से एम. टेक और पर्डृयू यूनीवर्सिटी (अमेरिका) से पीएच. डी. की डिग्रियां हासिल की थीं।
स्वर्गीय ललित पाण्डे के पिता बी.डी पाण्डे पंजाब के राज्यपाल पद से त्यागपत्र देने के बाद जुलाई 1984 से अपनी पत्नी विमला और पुत्र ललित के साथ अल्मोड़ा अपने पैत्रक घर में रहने लगे थे। 1987 से जीवन पर्यन्त, लगभग चार दशकों तक उत्तराखण्ड सेवा निधि पर्यावरण शिक्षा संस्थान के साथ जुड़े रहे। उन्होंने संस्थान के माध्यम से उत्तराखण्ड के पहाड़ी ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों तथा समुदाय आधारित स्वैच्छिक संगठनो के साथ मिलकर धरातल पर पर्यावरण शिक्षा तथा जागरूकता के महत्वपूर्ण काम किये। उनके पिता पूर्व राज्यपाल बी डी पाण्डे भी उत्तराखण्ड सेवा निधि के अध्यक्ष रहे। डा. ललित पाण्डे की पत्नी अनुराधा भी उत्तराखण्ड सेवा निधि के साथ जुड़ी हैं।
डा. ललित पाण्डे के पर्यावरण शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान के लिये उन्हें आई आई टी दिल्ली और पर्डृयू यूनीवर्सिटी (अमेरिका) द्वारा सम्मानित किया गया। 2007 में उन्हें पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित किया गया। उन्हें पर्यावरणीय शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिये लंबे समय तक याद रखा जायेगा।































