हृदयेश जोशी
हिमालय को भारत का प्राकृतिक सुरक्षा कवच होने के साथ, एक विशाल जल भंडार और जीवनदायिनी नदियों का उद्गम स्थल है। लेकिन पिछले एक दशक से अधिक समय में इस पर्वतीय क्षेत्र में जिस तरह की आपदाएं सामने आई हैं, उन्होंने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं: इनमें सबसे प्रमुख है कि क्या हिमालय की पारिस्थितिकी और यहां रहने वाले लोगों की जिंदगी, विकास के मौजूदा मॉडल का बोझ उठा पाने की स्थिति में हैं?
वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा से लेकर 2021 में चमोली के रोंठी पीक क्षेत्र में आई भीषण बाढ़, जोशीमठ में भूधंसाव, 2023 और 2025 में हिमाचल प्रदेश में तबाही मचाने वाली बारिश और बाढ़, सिक्किम में साउथ लोनाक ग्लेशियल झील का फटना और अगस्त 2025 में उत्तराखंड के धराली में आई आपदा तक, हिमालय का शायद ही कोई हिस्सा हो जो किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा से अछूता रहा हो। नेपाल में अगस्त 2026 में भोटेकोशी और त्रिशूली नदी घाटियों में आई विनाशकारी बाढ़ ने इस संकट की अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय प्रकृति को एक बार फिर उजागर किया।
ये घटनाएं केवल जान-माल के नुकसान की कहानियां नहीं हैं। इनके पीछे ऐसे संकट की तस्वीर है जो हिमालय में रहने वाले लाखों लोगों की आजीविका, सामाजिक सुरक्षा, खेती, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रभावित कर रहा है। पहाड़ों में आपदा का अर्थ अक्सर केवल किसी घर का बह जाना नहीं होता, बल्कि एक पूरे गांव का बाहरी दुनिया से कट जाना और उसके भविष्य का अनिश्चित हो जाना भी होता है।
हिमालय भूगर्भीय दृष्टि से दुनिया की सबसे युवा पर्वत श्रृंखला है। यहां की चट्टानें अपेक्षाकृत अस्थिर हैं, ढलान तीखे हैं और नदियां तेजी से नीचे की ओर बहती हैं। भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, हिमस्खलन और अचानक आने वाली बाढ़ इस क्षेत्र की प्राकृतिक विशेषताएं हैं। लेकिन हाल के वर्षों में इन घटनाओं की तीव्रता और उनसे होने वाला नुकसान चिंता बढ़ा रहा है।
जून 2013 में केदारनाथ में आई आपदा ने उत्तराखंड के बड़े हिस्से को तबाह कर दिया था। इसके बाद फरवरी 2021 में चमोली के रोंठी पीक क्षेत्र में हिम और चट्टान का विशाल हिस्सा टूटकर ऋषिगंगा और धौलीगंगा घाटियों में आ गिरा। इस घटना में करीब 200 लोगों की जान ही नहीं गई, बल्कि जलविद्युत परियोजनाओं और स्थानीय बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान हुआ।
दिसंबर 2021 से जोशीमठ में सामने आया भूधंसाव एक अलग तरह की चेतावनी थी। यहां घरों, सड़कों और दूसरी इमारतों में दरारें पड़ने लगीं और सैकड़ों परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े। हिमाचल प्रदेश में 2023 और 2025 के मानसून ने सड़कें, पुल, घर और खेत तबाह किए। अगस्त 2025 में धराली में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ ने एक बार फिर दिखाया कि पहाड़ी बस्तियां कितनी असुरक्षित हो सकती हैं।
नेपाल में 26 अगस्त 2026 को भोटेकोशी और त्रिशूली नदी प्रणालियों में आई बाढ़ ने इस संकट को और गंभीर बना दिया। इस आपदा में मारे गये और लापता लोगों की कुल संख्या 6 हज़ार से अधिक है। सड़कों, पुलों, बिजली परियोजनाओं और बस्तियों को भारी नुकसान पहुंचा। संयुक्त राष्ट्र की शुरुआती रिपोर्टों ने भी इस बात को रेखांकित किया कि ऐसी आपदाओं के बाद दूरदराज के समुदायों तक राहत पहुंचाना कितना मुश्किल हो जाता है।
इन घटनाओं को अलग-अलग प्राकृतिक हादसों के रूप में देखना पर्याप्त नहीं है। इनके बीच एक साझा सूत्र है—जलवायु परिवर्तन, संवेदनशील भूगोल और मानवीय गतिविधियों से पैदा हुई बढ़ती असुरक्षा।
- ग्लोबल वार्मिंग का असर: पिघलते ग्लेशियर और बदलता जल चक्र
हिमालय केवल पहाड़ों का समूह नहीं है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण जैव विविधता हॉटस्पॉट में से एक है। यहां हजारों तरह के पेड़-पौधे, वन्यजीव और सूक्ष्म जीव पाए जाते हैं। पश्चिम में हिंदूकुश से लेकर पूर्व में अरुणाचल तक फैले इस विशाल पर्वतीय क्षेत्र में हजारों छोटे-बड़े ग्लेशियर हैं। इन ग्लेशियरों से निकलने वाली नदियां भारत, नेपाल, भूटान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के करोड़ों लोगों के जीवन का आधार हैं।
हिमालय को अक्सर एशिया का वाटर टावर कहा जाता है। गंगा, ब्रह्मपुत्र और सिंधु जैसी बड़ी नदी प्रणालियों को पानी देने के अलावा यह क्षेत्र भूजल के पुनर्भरण, जंगलों के संरक्षण, कार्बन अवशोषण, मिट्टी की उर्वरता और स्थानीय जलवायु को नियंत्रित करने जैसी अनेक पारिस्थितिकी सेवाएं प्रदान करता है। यहां के जंगल और घास के मैदान स्थानीय समुदायों को चारा, ईंधन, औषधीय पौधे और खाद्य संसाधन उपलब्ध कराते हैं।
लेकिन ग्लोबल वार्मिंग इस पूरी व्यवस्था को प्रभावित कर रही है। इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD) की मार्च 2026 में जारी रिपोर्ट के अनुसार, हिंदूकुश हिमालय क्षेत्र में वर्ष 2000 के बाद ग्लेशियरों के पिघलने की गति लगभग दोगुनी हो गई है। 1975 के बाद से कुछ क्षेत्रों में बर्फ की मोटाई में 27 मीटर तक की कमी दर्ज की गई है। 1990 से 2020 के बीच पूरे क्षेत्र में ग्लेशियरों के क्षेत्रफल में लगभग 12 प्रतिशत की कमी आई है।
ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने का मतलब केवल भविष्य में पानी की कमी नहीं है। इससे ग्लेशियल झीलों के आकार बढ़ रहे हैं और उनके प्राकृतिक बांधों के अस्थिर होने का खतरा भी पैदा हो रहा है। साउथ लोनाक की घटना इसका उदाहरण है। 2023 में इस झील के फटने से तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आई जिसमें 100 से अधिक लोगों की जान गई और बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर को क्षति पहुंती। सिक्किम सरकार की आपदा के बाद की आकलन रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 88,400 लोग प्रभावित हुए।
जलवायु परिवर्तन का असर केवल ग्लेशियरों तक सीमित नहीं है। पहाड़ों में बारिश का स्वरूप बदल रहा है। कहीं लंबे समय तक बारिश नहीं होती, तो कहीं कुछ ही घंटों में इतनी बारिश हो जाती है कि छोटी नदियां और नाले उफान पर आ जाते हैं। तापमान बढ़ने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का अनुपात भी बदल रहा है। पर्माफ्रॉस्ट यानी जमीन के भीतर लंबे समय से जमी बर्फ पिघलने से पहाड़ों की ढलानों की स्थिरता प्रभावित हो सकती है।
इसका एक उदाहरण धराली की घटना में भी दिखाई देता है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के उपग्रह विश्लेषण में पाया गया कि 5 अगस्त 2025 की बाढ़ के बाद धराली में करीब 20 हेक्टेयर क्षेत्र में मलबा जमा हो गया था। इसमें 55 से ज़्यादा लोगों की जान गई। वैज्ञानिक आकलन के अनुसार, खीरगंगा के ऊपरी हिस्से से भारी मात्रा में ग्लेशियो-फ्लूवियल मलबा नीचे आया था। हालांकि किसी एक घटना को केवल जलवायु परिवर्तन का परिणाम कहना वैज्ञानिक रूप से उचित नहीं होगा, लेकिन बढ़ता तापमान और बदलता मौसम ऐसी आपदाओं के जोखिम को बढ़ा रहे हैं।
- अनियोजित निर्माण और जंगलों की कटाई: बढ़ती असुरक्षा
हिमालय की संवेदनशीलता का एक बड़ा कारण केवल प्राकृतिक बदलाव नहीं, बल्कि इंसानी गतिविधियां भी हैं। पहाड़ों में विकास की जरूरत से इनकार नहीं किया जा सकता। सड़कें, बिजली, अस्पताल, स्कूल और संचार सुविधाएं यहां के लोगों का अधिकार हैं। लेकिन सवाल यह है कि विकास किस तरह हो रहा है और उसकी कीमत कौन चुका रहा है?
पिछले कुछ दशकों में हिमालयी राज्यों में सड़क निर्माण, जलविद्युत परियोजनाओं, सुरंगों, होटल और रिसॉर्ट के निर्माण में तेजी आई है। कई जगहों पर पहाड़ों को काटकर सड़कें बनाई जा रही हैं, नदियों के किनारे निर्माण हो रहा है और प्राकृतिक जल निकासी के रास्तों पर इमारतें खड़ी की जा रही हैं। पर्यावरणीय मंजूरी, भूगर्भीय अध्ययन और निर्माण संबंधी सुरक्षा नियमों का पालन भी कई बार गंभीर सवालों के घेरे में रहता है।
धराली में जहां पूरा कस्बा नदी के प्रवाह मार्ग पर बसा दिया गया था वहीं चार धाम यात्रा मार्ग के लिए यहां एक बार फिर से बड़ी संख्या में पेड़ों को काटा जा रहा है। हालांकि विशेषज्ञों ने इस यात्रा मार्ग को चौड़ा करने के लिए वैकल्पिक उपाय सुझाये हैं। धराली में आपदा के बाद किए गए तकनीकी आकलन में पाया गया कि मूल बस्ती खीरगंगा से कुछ दूरी पर ऊंचाई पर थी, लेकिन समय के साथ होटल और आवासीय निर्माण नाले के दोनों किनारों और भागीरथी के संगम के नजदीक फैल गए। सक्रिय बाढ़ क्षेत्र और प्राकृतिक जल निकासी के रास्ते में हुए इस निर्माण ने लोगों और संपत्ति की जोखिम के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाई।
इसी तरह जोशीमठ का संकट हमें चेतावनी देता है कि पहाड़ों की भूगर्भीय क्षमता और निर्माण के दबाव के बीच संतुलन कितना जरूरी है। पहाड़ों में विस्फोटकों का इस्तेमाल, सुरंग निर्माण, भारी मशीनों से कटाई और मलबे का अनुचित निस्तारण ढलानों को कमजोर कर सकता है। इसका असर केवल निर्माण स्थल तक सीमित नहीं रहता। मलबा नदियों और नालों में पहुंचता है, जलधाराओं का रास्ता बदलता है और बारिश के दौरान बाढ़ की आशंका बढ़ा सकता है।
जंगलों की कटाई भी इस संकट को गंभीर बनाती है। पेड़ों की जड़ें मिट्टी को बांधने, पानी को जमीन में सोखने और ढलानों को स्थिर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जब जंगल काटे जाते हैं, तो मिट्टी का कटाव बढ़ता है और बारिश का पानी तेजी से ढलानों से नीचे आता है। इससे भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि हर भूस्खलन का कारण जंगलों की कटाई नहीं होता, लेकिन प्राकृतिक वनस्पति का नष्ट होना पहाड़ों की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करता है।
इसका एक दूसरा पहलू भी है, जिस पर पर्याप्त चर्चा नहीं होती। हिमालय के गांव तेजी से खाली हो रहे हैं। उत्तराखंड के अनेक गांवों में पलायन के कारण घरों पर ताले लग चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र की फरवरी 2026 की एक रिपोर्ट बताती है कि कमजोर आजीविका, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, सीमित रोजगार और लोगों की जरूरतों को नजरअंदाज करने वाला विकास इस पलायन के प्रमुख कारण हैं।
जब किसी गांव में स्कूल नहीं होता, अस्पताल दूर होता है, सड़क बरसात में बंद हो जाती है और खेती से परिवार का गुजारा नहीं चलता, तो लोग अपने बच्चों के भविष्य के लिए गांव छोड़ने को मजबूर होते हैं। इस तरह पहाड़ केवल प्राकृतिक आपदाओं से नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक संकट से भी खाली हो रहे हैं।
- आजीविका का संकट: पहाड़ में रहना भी एक चुनौती
हिमालय में बढ़ती आपदाओं का सबसे गहरा असर उन लोगों पर पड़ता है जिनकी आजीविका सीधे प्रकृति पर निर्भर है। यहां खेती, बागवानी, पशुपालन, वनोपज और पर्यटन लाखों परिवारों की आमदनी के प्रमुख स्रोत हैं। लेकिन जब कोई सड़क भूस्खलन में बह जाती है, खेत मलबे में दब जाते हैं या नदी अपना रास्ता बदल देती है, तो लोगों की पूरी आर्थिक व्यवस्था चरमरा जाती है।
हिमाचल प्रदेश में सेब की खेती इसका एक उदाहरण है। सेब उत्पादक क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त होने से फसल को मंडियों तक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। कई बार किसानों की महीनों की मेहनत और निवेश बर्बाद हो जाते हैं। उत्तराखंड में भी आलू, राजमा, मंडुवा, झंगोरा और दूसरी पहाड़ी फसलों की खेती करने वाले किसानों को बाजार तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आपदा के बाद खेतों में मलबा जमा होना, सिंचाई की व्यवस्था टूटना और पशुओं के लिए चारे की कमी परिवारों की मुश्किलें बढ़ा देती है।
पर्यटन पर निर्भर परिवारों की स्थिति भी अलग नहीं है। हिमालय के कई इलाकों में होटल, होमस्टे, टैक्सी, ढाबे और छोटे कारोबार स्थानीय अर्थव्यवस्था का आधार हैं। लेकिन जब आपदा आती है तो पर्यटकों की आवाजाही रुक जाती है। सड़कें और पुल टूटने से पर्यटन कारोबार महीनों तक प्रभावित हो सकता है। धराली और हर्षिल जैसे क्षेत्रों में इसका असर केवल होटल मालिकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि टैक्सी चालकों, दुकानदारों, मजदूरों और स्थानीय उत्पाद बेचने वाली महिलाओं तक पहुंचता है।
हिमाचल प्रदेश की 2025 की आपदा के बाद तैयार किए गए पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेसमेंट में भी यह रेखांकित किया गया कि आपदाओं का प्रभाव केवल मकानों और बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कृषि, पर्यटन, जलविद्युत और स्थानीय अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों पर पड़ता है।
इसलिए हिमालय में विकास का अर्थ केवल बड़ी सड़कें, सुरंगें और बांध बनाना नहीं होना चाहिए। विकास का पहला उद्देश्य यह होना चाहिए कि पहाड़ों में रहने वाले लोगों के लिए जीवन की बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित हों। गांवों को सुरक्षित तरीके से सड़क से जोड़ना जरूरी है, ताकि बच्चे स्कूल जा सकें, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके और किसान अपनी उपज बाजार तक ले जा सकें। इसके लिए हर जगह चौड़ी सड़क बनाने के बजाय भूगर्भीय स्थिति के अनुसार सुरक्षित सड़क निर्माण और वैकल्पिक संपर्क व्यवस्था विकसित करनी होगी।
इसके साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। जैविक और पारंपरिक खेती, स्थानीय बीजों का संरक्षण, फल उत्पादन, औषधीय पौधों की खेती और स्थानीय खाद्य उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। पहाड़ों में पर्यटन को भी नए सिरे से परिभाषित करना होगा। बड़े होटल और अनियंत्रित निर्माण के बजाय होमस्टे, प्रकृति पर्यटन, पक्षी अवलोकन, स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है।
लेकिन इसके लिए एक शर्त जरूरी है—पर्यटन की सीमा तय होनी चाहिए। किसी घाटी की पर्यावरणीय क्षमता से अधिक पर्यटकों, वाहनों और निर्माण का दबाव अंततः स्थानीय लोगों के लिए ही संकट पैदा करेगा।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि स्थानीय समुदायों को विकास की योजना बनाने और प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन में भागीदार बनाया जाए। पहाड़ों के लोग अपने इलाके की जलधाराओं, मौसम, जंगलों और भौगोलिक परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं। उनके पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान और आपदा प्रबंधन के साथ जोड़ने की जरूरत है।
- निष्कर्ष: हिमालय को बचाने के लिए साझा क्षेत्रीय प्रयास जरूरी
हिमालय की आपदाएं किसी एक राज्य या देश की समस्या नहीं हैं। यह एक साझा पारिस्थितिकी तंत्र है, जिसकी नदियां, ग्लेशियर, जंगल और पर्वतीय घाटियां राजनीतिक सीमाओं को नहीं पहचानतीं। नेपाल में होने वाली कोई बड़ी घटना भारत की नदियों और सीमावर्ती क्षेत्रों को प्रभावित कर सकती है। इसी तरह तिब्बत के पठार और चीन के नियंत्रण वाले हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियरों तथा नदियों में होने वाले बदलाव का असर नीचे बसे देशों पर पड़ सकता है।
इसलिए भारत, नेपाल और भूटान को मिलकर एक मजबूत क्षेत्रीय सहयोग व्यवस्था बनानी चाहिए। इसमें चीन को भी शामिल करना जरूरी है। ग्लेशियल झीलों की निगरानी, उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों का साझा इस्तेमाल, मौसम पूर्वानुमान, नदी के जलस्तर की जानकारी और आपदा की शुरुआती चेतावनी के लिए देशों के बीच वास्तविक समय में सूचनाओं का आदान-प्रदान होना चाहिए।
इसके साथ ही हिमालयी क्षेत्र में बनने वाली बड़ी परियोजनाओं के पर्यावरणीय और भूगर्भीय प्रभावों का स्वतंत्र आकलन होना चाहिए। विकास परियोजनाओं की योजना बनाते समय केवल आर्थिक लाभ नहीं, बल्कि स्थानीय समुदायों की सुरक्षा और पारिस्थितिकी की क्षमता को भी महत्व देना होगा।
आखिरकार हिमालय को बचाने का सवाल केवल ग्लेशियरों, जंगलों और नदियों को बचाने का सवाल नहीं है। यह उन लोगों के भविष्य का सवाल है जो पीढ़ियों से इन पहाड़ों में रहते आए हैं। उनके खेत, घर, संस्कृति, भाषा और आजीविका इस पर्वतीय पारिस्थितिकी से जुड़े हैं।
हिमालय को केवल पर्यटन स्थल, जलविद्युत उत्पादन का स्रोत या सड़क और सुरंगों के लिए उपलब्ध भूभाग समझने की गलती नहीं की जा सकती। इसे एक जीवंत पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में देखना होगा। विकास की ऐसी राह चुननी होगी जिसमें प्रकृति और इंसान के बीच संतुलन बना रहे। अन्यथा आने वाले वर्षों में हिमालय की आपदाएं केवल प्राकृतिक त्रासदियां नहीं रहेंगी, बल्कि एक बड़े मानवीय और आर्थिक संकट का रूप ले लेंगी।
फोटो इंटरनेट से साभार































