राजेंद्र पंत
महानगरों का अपना अतीत होता है, इतिहास होता है। लेकिन इन बड़े-बड़े शहरों में बसने वाला ज्वार-भाटा नुमा जनसागर गरजता है, लरज़ता है। पर यह नहीं बता पाता है की यह प्रवाह क्यों आया, कहाँ से आया, कौन सी खाद या गाद लाया। जो कभी पोखर था, वो कब तालाब से सागर और फिर महासागर बन गया। उसका इतिहास तो है, लेकिन उसे याद नहीं।
कमोबेश यही हालत नगरों की भी है। उनकी भी याददाश्त कमजोरी ही होती है। अपने अतीत को भुलाने के लिए ही तो वो गाँव से शहर बने हैं। यदि बात करें छोटे-छोटे कस्बों और गांवों की तो वहाँ की लोककथाओं में, लोकोक्तियों में, लोकगाथाओं में, मुहावरों और जीवनशैली में, सामाजिक व्यवस्था और परंपराओं में अतीत और इतिहास रचा-बसा होता है। यह अमूल्य धरोहर ग्रामीण समाज में कुछ इस तरह गुंथी होती है कि नज़र पैनी न हो तो पहेली सी नज़र आती है।
डा. प्रयाग जोशी एक ऐसी शख़्सियत हैं, जिन्होंने इस पहेली को सुलझाने की जद्दोज़हद किशोरावस्था से ही शुरू कर दी थी। उन्होंने तत्कालीन उत्तरप्रदेश के उत्तरी भूभाग यानि आज के उत्तराखंड को अपनी कर्मभूमि बनाया और निकल पड़े प्राप्तस्य प्राप्ति की तलाश में।
अपनी इस खोजी यात्रा के दौरान वे न जाने कितने नदी- गधेरे पहाड, घाटियों को लाँघते रहे।अपने अनुभवों, एहसासों, आँखों देखी साक्ष्यों को कागजों पर दर्ज करते रहे। जब भी बीच-बीच में यात्रा से विराम लिया, तो काग़ज़ों पर दर्ज वाक़यों और आँखों के दरवाज़े से दिमाग़ में जा बसे अहसासों और अनुभवों को किताबी शक्ल देने में लग गए। और कुमाऊँनी लोक गाथाएँ (पाँच भाग), रवाँई से उत्तराखंड (सामाजिक व सांस्कृतिक अध्ययन), आत्मरंग एवं आम डाली कोकिल करौ (सांस्कृतिक निबंध), भयो विरज झकझोर कुमूँ में (होली संकलन), उत्तराखंड की लोकगाथाएँ एक विवेचन (शोध), पाण्डवेन:कुमाऊनी लोक महाभारत जैसी पुस्तकें नई पीढ़ी के लिए प्रस्तुत कर दीं। सीरा के देश को दफ़्तर: ऐतहासिक दस्तावेज़ ( दो भाग में), उत्तराखंड का इतिहास: सातवीं सदी के पूर्वार्ध से आठवीं सदी का पूर्वार्ध: द्युतिवर्मन से यशोवर्मन तक और अब एक नयी- नवेली पुस्तक “ सीरा के मल्ल राजवंश का इतिहास” उनकी इस खोजी यात्रा की इतिहास-परक देन है।
कहते हैं कि भाषा को लोक चलाता है और इतिहास को लोक बचाता है। प्रयाग जोशी जी ने इसी नजरिये से इतिहास को तलाशा है।इस पुस्तक में उन्होंने लोक भाषा का खुल कर प्रयोग किया है।
पुस्तक सीमांत ज़िले पिथौरागढ़ की डीडीहाट, मुनस्यारी और धारचूला तहसील के विस्तृतभू-भाग में काबिज तत्कालीन मल्ल राजवंश को केंद्र में रख कर लिखी गई है। तथापि, गंगोली की भूमिका को भी कमतर नहीं आंका गया है। और यहीं से उभरता है, पंतों का इतिहास पुरुष “पुरूख”। सन् 1303 में जयदेव पंत के मणिकोटी राजा कर्मचंद के दरबार में उपस्थित होने से लेकर पुरुषोत्तम पंत (पुरूख) तक की पंत पीढ़ियों का राजदरबारों में वर्चस्व का संक्षिप्त उल्लेख तो किया ही गया है, साथ ही किस प्रकार पुरूख पंत ने चंद वश के राजा कल्याणचंद के लिए सीरा को जीत कर तिब्बत से सटे सीमांत क्षेत्रों को चंद राजाओं के लिए निष्कंटक बना दिया, इसका विस्तार से वर्णन है। पुरूख द्वारा अपनी युद्धकला, रणनीति, व्यूह रचना और जल स्रोतों पर नियंत्रण कर सीरा के मल्ल राजा हरि मल्ल को परास्त हो कर नेपाल पलायन के लिए मजबूर करना यह साबित करता है कि युद्ध रणनीति में पानी की भूमिका अत्यंत अहम होती है। और इसका ताज़ा उदाहरण ईरान द्वारा हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य को अपनी रणनीति का प्रमुख हथियार बनाना है।
पुस्तक आत्मकथा शैली में प्रारम्भ होती है। पन्ने दर पन्ने पढ़ते जाइए, समझते जाइए और कब आप कथा से गाथा और ताम्रपत्रों से गुजरते हुए इतिहास की दहलीज़ पार कर गए, पता ही नहीं चलेगा। कब लेखक आपको इतिहास के गलियारों चौबारों में सैर कराते हुए औपन्यासिक शैली में इसी इतिहास के अगले पड़ाव पर ले आया, समझ ही नहीं पायेंगे। कथा, गाथा और अतीत का अनूठा मिश्रण है, रैका मल्लों का यह इतिहास। और अंत में आप पाएंगे कि डा॰ प्रयाग जोशी जैसे आपसे आग्रह कर रहे हों कि अब आगे आप खोजिए अपना रास्ता और इतिहास….































