चंद्रशेखर जोशी
अभागे माता-पिता बेटे की खोज में अनजान शहर और जंगल की तरफ जाने वाले अनजान रास्तों पर भटक रहे हैं। वह चुपके से रोते हैं, कभी जोर से रोते हैं..
…परिजनों ने अर्णव सिंह को बीटेक करने बिहार से सैकड़ों किमी दूर भीमताल स्थित प्राइवेट कालेज ग्राफिक एरा भेजा था। वह छह नवंबर को तीन दोस्तों के साथ नैनीताल की चीना पीक पहाड़ी पर घूमने गया था। जंगल से तीनों दोस्त लौट आए लेकिन अर्णव नहीं लौटा।
…चीना पीक का जंगल न तो बहुत घना है और ना ही यहां खोज करना बहुत कठिन है। फिर भी उसका कोई सुराग नहीं लग पा रहा है। बेटे के गुम होने की खबर पाते ही अर्णव के माता-पिता उसके भीमताल कालेज पहुंचे। वहां से कालेज प्रबंधन ने उन्हें नैनीताल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस रोज सुबह अर्णव को खोजने का आश्वासन देती रही। बेटे को खोजने के लिए माता-पिता ने रहने के लिए नैनीताल में एक होटल में किराए पर कमरा बुक किया। रोते- बिलखते मां-बाप को जल्दबाजी में होटल वाले ने जो किराया बताया उन्होंने उसे मंजूर कर लिया और बैग उसी कमरे में पटक दिए।
…वह 22 दिनों से महंगे शहर के महंगे होटल में रह रहे हैं। वह उजाला हाते ही पुलिस की शरण में जाते हैं, आसपास के लोगों से पूछते हैं, मंदिरों में जाकर रो रहे हैं, किसी भी रास्ते की तरफ बेटे को खोजने चल पड़ते हैं।
…इस शहर में जिले के उच्च अधिकारियों के दफ्तर हैं, यहां हाईकोर्ट है, जज हैं, देशभर के वीआईपी आते-जाते हैं। लेकिन असंवेदनशीलता इस कदर है कि दुखी माता-पिता के रहने की व्यवस्था तक कोई नहीं कर रहा है। लाखों रुपए फीस ले चुके प्राइवेट कालेज के प्रबंधन ने माता-पिता को कालेज परिसर से कुछ ही घंटों में पुलिस के पास भेज दिया, उसके बाद सुध तक नहीं ली।
…पुलिस अधिकारी उन्हें रोज अपनी ढूंढखोज का हवाला देते हैं, लेकिन कोई उनकी सुध नहीं लेता। 22 दिनों बाद अब पुलिस वालों का व्यवहार भी बदल चुका। वह अर्णव के दुखी माता-पिता से बात करने से भी बच रहे हैं।
..सामाजिक व्यवस्था बहुत क्रूर है..































