नारायण सिंह जंतवाल
जी सी उप्रेती जी ने आज सुबह लगभग दस बजे ओक पार्क, मल्लीताल नैनीताल स्थित अपने आवास में अन्तिम साँस ली और आज ही पवित्र चित्रशिला घाट रानीबाग में उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया!
उप्रेती जी अपनी सरकारी सेवा के साथ ही कर्मचारियों के सवालों पर मुखर रहे, साथ ही सामाजिक सरोकारों व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे। उत्तर प्रदेश के समय महासंघ की अगुवाई में बड़े बड़े संघर्षों में नेतृत्वकारी भूमिका में रहे। समान कार्य के लिये समान वेतन का आंदोलन पूरे प्रदेश में ज़ोरों से चला था, नैनीताल में यह अभूतपूर्व था उप्रेती जी का उसमें बड़ी भूमिका रही। मुझे भी छात्रवेता के रूप में आंदोलन में भागीदारी का अवसर मिला था। उनकी सक्रिय व सकारात्मक भूमिका के कारण उत्तरप्रदेश में भी कर्मचारी संगठनों में उनका बहुत सम्मान था।
उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी उन्होंने ज़बरदस्त भूमिका अदा की थी। राज्य निर्माण के साथ ही वह प्रदेश के शीर्षस्थ नेताओं में शुमार हो गए थे। व्यापक जानकारियों, नेतृत्व में इमानदारी व सभी के बीच समन्वय स्थापित करने की क्षमता के कारण के कारण ही कर्मचारियों का उन्हें अटूट विश्वास व सम्मान मिला। मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज के संस्थापक अध्यक्ष रहे, लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रीयल संगठन के भ राज्य प्रमुख रहे।
उन्हीं की अगुवाई में मिनिस्ट्रीयल कार्मिको के प्रशासनिक अधिकारी के पद पर पदोन्नति का संघर्ष सफल हुआ। छात्र जीवन से ही उनसे बहुत घनिष्ठता हो गई थी,तमाम संघर्षों में उनके भागीदारी करते रहे। विधायक बनने के बाद उनकी वजह से ही प्रदेश के कर्मचारी संगठनों के नेतृत्व से भी अच्छी जान पहचान हो गई और कर्मचारियों के सवालों को विधानसभा में ठीक से उठा सके।
प्रशासनिक पदों पर पदोन्नति व अन्य मांगों को लेकर पूर कर्मचारी समुदाय आंदोलनरत था, इस विषय पर उप्रेती जी से बृहद चर्चा हो चुकी थी।
विधानसभा में कार्यस्थगन पर मुझे पहले बोलने का अवसर मिला, सभी तथ्यों को उनकी ही वजह से अच्छी तरह से रखा जा सका। उनके साथ की बहुत यादें जुड़ी हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनकी सक्रियता बनी हुई थी। उनके निधन से एक सूनापन पैदा हो गया है जिसकी भरपाई मुश्किल होगी। उनके निधन से मैंने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया है,जिनके साथ दिली जुड़ाव था! हर समय ओर विशेषकर चुनौतिपूर्ण समय में स्पष्ट ईमानदार राय व मार्गदर्शन के लिए उन पर पूरा विश्वास रहता था।
परमात्मा उनकी पावन आत्मा को चिर शांति प्रदान करें, उनके परिजनों मित्रों व तमाम साथियों को इस कठिन समय में सम्बल प्रदान करें!
ॐ शांति शांति
सभी साथियों और नैनीताल समाचार परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि !

































