अल्मोड़ा: उत्तराखंड में आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य के क्षेत्रीय दलों और राजनीतिक ताकतों ने एकुजट होने का फैसला किया है। और एक सशक्त राजनैतिक विकल्प के लिए मोर्चा बनाने की पहल की गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के स्वाभिमान और अस्तित्व को बचाने के लिए प्रदेश में पिछले पच्चीस वर्षों से राज करने वाली भाजपा कांग्रेस पार्टियों को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया गया।
शिखर होटल में हुई इस रणनीतिक बैठक में मौजूद क्षेत्रीय दलों ने राज्य के अस्तित्व, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए सभी क्षेत्रीय दल एक साझा मंच पर आकर चुनाव लड़ने पर सहमति जताई। साथ ही अन्य क्षेत्रीय राजनीतिक ताकतों से भी एकजुट होने का आह्वान किया। इस बैठक में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा, उत्तराखंड लोक वाहिनी, हिमालय क्रांति पार्टी, इंडिया ग्रीन्स पार्टी, भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी के साथ ही कई राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि उत्तराखंड की वर्तमान बदहाली के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों समान रूप से जिम्मेदार हैं। प्रदेश अब दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से चलने वाली पार्टियों के बजाय एक ऐसे क्षेत्रीय विकल्प की मांग कर रहा है, जो हिमालयी राज्य के जन-सरोकारों को समझ सके। वक्ताओं ने चिंता व्यक्त की कि जिस तरह से राज्य के संसाधनों को तबाह किया जा रहा है, उससे उत्तराखंड का मूल स्वरूप खतरे में है। अंकिता भंडारी हत्याकांड, प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, प्राकृतिक संसाधनों की लूट, महिला अपराधों में इजाफा, जंगली जानवरों का बढ़ता आतंक और रिक्त पदों पर भर्ती न होना सरकार की विफलता के प्रतीक हैं। बैठक में राज्य से संबंधित अन्य विभिन्न मुद्दों पर भी व्यापक विचार विमर्श किया गया।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने आह्वान किया कि उत्तराखंडी सोच रखने वाले सभी लोगों को निस्वार्थ भाव से एकजुट होना होगा, तभी शहीदों के सपनों का उत्तराखंड साकार होगा। अंत में वक्ताओं ने तय किया कि वे केवल सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन और उत्तराखंड के संसाधनों पर जनता का हक सुनिश्चित करने के लिए लड़ेंगे।
बैठक में राजीव लोचन साह (उत्तराखंड लोक वाहिनी) , पी.सी. तिवारी( अध्यक्ष उपपा), प्रकाश जोशी (उपपा द्वाराहाट), नरेश नौड़ियाल (उपपा पौड़ी ) दिनेश उपाध्याय (उपपा नैनीताल ), मोहन कांडपाल (पानी बोओ पानी बचाओ ) जेसी उप्रेती (लोक जिम्मेदार पार्टी), सुरेश नौटियाल ( इंडिया ग्रीन्स पार्टी), आर.पी सिंह ( हम ),प्रभात ध्यानी ( उपपा ), जगदीश चंद्र मैनानी( पूर्व नौसेना ), हेम चन्द्र जोशी ( पूर्व नौसेना ), गोपाल राम ( उपपा ), किरन आर्या( उपपा) , पूजा थापा( उपपा), शिव दत्त पांडे, कौस्तुबानंद भट्ट (उपपा जागेश्वर), रमेश पांडे कृषक (सवाल संगठन), उमेद सिंह भंडारी ( हिमालय क्रान्ति पार्टी), किशोर सिंह ( हिमालय क्रांति पार्टी), मोहन कांडपाल (पानी बोओ पानी बचाओ), प्रेम , हिमेश भंडारी ( हिमालय क्रान्तिकारी पार्टी) , भूपेन्द्र कोरंगा ( उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ), नारायण राम ( उपपा अल्मोड़ा ), मुहम्मद साकिब ( उपपा अल्मोड़ा ), अमन बुधानी (स्वाभिमान मोर्चा ), मनोज कुमार पंत, त्रिभुवन सिंह ( स्वाभिमान मोर्चा ), किशन जोशी( पत्रकार ), गोविन्द पंत राजू (पत्रकार) , शंभू राणा, हेम जोशी भूतपूर्व सैनिक जगदीश मैनाली, रमेश कृषक, गोपाल, पूजा, किरन आदि मौजूद रहे। संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता चारू तिवारी ने किया।

































