राजेंद्र भट्ट
नैनीताल में 22वां दिन भी गुजरा, मां-बाप को यह बेटा नहीं मिला नैनीताल। 22 दिन बीत गए। चीना पीक का जंगल छान लिया गया, ड्रोन उड़ गए, डॉग स्क्वायड सूंघ गया, 150 किलोमीटर से ज्यादा पैदल चलकर तलाश हो गई, 30 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाल ली गई। लेकिन बिहार के मुंगेर के पहरपुर का 19 साल का अर्णव सिंह आज भी नहीं मिला।
अभागे माता-पिता बेटे की खोज में अनजान शहर और जंगल की तरफ जाने वाले अनजान रास्तों पर भटक रहे हैं। वह चुपके से रोते हैं, कभी जोर से रोते हैं। परिजनों ने अर्णव को बीटेक करने बिहार से सैकड़ों किमी दूर भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भेजा था। वो बीटेक फर्स्ट ईयर में AI और डेटा साइंस का छात्र था।
6 नवंबर को वो अपने गांव के तीन दोस्तों आलोक राज, ओम और ऐश्वर्य राज के साथ नैनीताल की चीना पीक, जिसे नयना पीक भी कहते हैं, घूमने गया था। दोपहर करीब 2 बजे चारों ट्रैकिंग पर निकले। वापसी में शाम करीब 4-5 बजे अर्णव आगे निकल गया, दोस्त फोटो लेने के लिए रुके। जब दोस्तों ने आवाज लगाई, तो अर्णव कहीं नहीं था।
चीना पीक का जंगल न तो बहुत घना है और ना ही यहां खोज करना बहुत कठिन है। फिर भी उसका कोई सुराग नहीं लग पा रहा है। कॉलेज ने हाथ खींचा, पुलिस ने आश्वासन दिया
बेटे के गुम होने की खबर पाते ही अर्णव के माता-पिता भीमताल कॉलेज पहुंचे। वहां से कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें नैनीताल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। परिजनों का आरोप है – लाखों रुपए फीस ले चुके प्राइवेट कॉलेज ने इसके बाद सुध तक नहीं ली।
पुलिस रोज सुबह अर्णव को खोजने का आश्वासन देती रही। बेटे को खोजने के लिए माता-पिता ने नैनीताल में एक होटल में किराए पर कमरा बुक किया। रोते-बिलखते मां-बाप को जल्दबाजी में होटल वाले ने जो किराया बताया, उन्होंने उसे मंजूर कर लिया। बैग उसी कमरे में पटक दिए।
वह 22 दिनों से महंगे शहर के महंगे होटल में रह रहे हैं। पिता पंकज कुमार के मुताबिक करीब 2,000 रुपये रोज के कमरे का खर्च ही उनका बोझ बन गया है। वो उजाला होते ही पुलिस की शरण में जाते हैं, आसपास के लोगों से पूछते हैं, मंदिरों में जाकर रो रहे हैं, किसी भी रास्ते की तरफ बेटे को खोजने चल पड़ते हैं। इस शहर में हाईकोर्ट है, VIP आते हैं, पर मां-बाप के लिए कोई व्यवस्था नहीं. इस शहर में जिले के उच्च अधिकारियों के दफ्तर हैं, यहां हाईकोर्ट है, जज हैं, देशभर के वीआईपी आते-जाते हैं। लेकिन असंवेदनशीलता इस कदर है कि दुखी माता-पिता के रहने की व्यवस्था तक कोई नहीं कर रहा है।
पिता पंकज कुमार का आरोप है – बेटे के गुम होने के दो दिन बाद तक उन्हें सूचना नहीं दी गई, गुमशुदगी के बाद लंबे समय तक मांग करने के बावजूद उसका सिम कार्ड बंद रखा गया, जांच अधिकारी के अवकाश पर जाने के दौरान केस किसी और को नहीं दिया गया। पुलिस के पास कोई दैनिक रोडमैप नहीं है, रोज की प्रगति नहीं बताई जाती।
17 नवंबर को उन्होंने SSP मंजूनाथ टीसी से भी मुलाकात की थी, लेकिन उनके निर्देशों के बाद भी जांच में सुधार नहीं आया, ऐसा पिता का कहना है। उन्होंने ट्रेकिंग मार्ग पर CCTV कैमरे और साइनेज न होने को लेकर वन विभाग की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
पुलिस का पक्ष है – तलाश में कोई कमी नहीं रखी गई। SP डॉ. जगदीश चंद्र के मुताबिक दोस्तों से सख्ती से पूछताछ हो चुकी है, चीना पीक से पंगोट तक हर हिस्सा छाना गया है, नैनीताल से हल्द्वानी तक CCTV खंगाले जा रहे हैं।
22 दिनों बाद अब पुलिस वालों का व्यवहार भी बदल चुका, ऐसा परिजनों का कहना है। वो अर्णव के दुखी माता-पिता से बात करने से भी बच रहे हैं।
पुलिस जांच से निराश होकर परिजनों ने घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर और कैंचीधाम में बेटे की सकुशल वापसी की अर्जी लगाई। पिता ने कहा – अब बेटे की तलाश और न्याय की उम्मीद भगवान के भरोसे छोड़ दी है।
उन्होंने बेटे की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये और सही-सलामत कोतवाली लाने वाले को 1 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। परिजन अब खुद रातीघाट, भवाली, कैंचीधाम, नैनीताल टैक्सी स्टैंड और अन्य जगहों पर अर्णव के पोस्टर चिपका रहे हैं।
सामाजिक व्यवस्था बहुत क्रूर है… एक बेटा जंगल में गुम है, और उसके मां-बाप एक महंगे होटल के कमरे में हर सुबह इस उम्मीद में उठते हैं कि शायद आज कोई फोन आएगा – आपका बेटा मिल गया।
अगर अर्णव के बारे में कोई जानकारी मिले तो संपर्क करें – मल्लीताल कोतवाली: 05942-235242,
कोतवाली प्रभारी: 9411112869,
नैनीताल पुलिस कंट्रोल रूम: 9411112979































